शहडोल। नगर पालिका शहडोल में फायरमैन के पद पर पदस्थ कर्मचारी रामनिवास बैगा के खिलाफ ग्राम पंचायत के कामकाज में कथित रूप से हस्तक्षेप करने और पंचायत की व्यवस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता राम वर्ण मिश्रा ने मामले की शिकायत कलेक्टर शहडोल, एसडीएम शहडोल और कमिश्नर सहित संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन से किए जाने की बात कही है। शिकायतकर्ता ने मामले में जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की मांग की है।शिकायत के अनुसार रामनिवास बैगा मूल रूप से उमरिया जिले के सेमरिहा गांव के रहने वाले हैं,और वर्तमान में नगर पालिका शहडोल में फायरमैन के पद पर पदस्थ हैं। उनकी पत्नी श्रीमती फूलमती बैगा ग्राम पंचायत सेमरिहा में सरपंच के पद पर कार्यरत हैं। आरोप लगाया गया है कि पंचायत के दैनिक कामकाज में सरपंच की अपेक्षा उनके पति रामनिवास बैगा की सक्रिय भूमिका रहती है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पंचायत में निर्माण सामग्री की खरीद, अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संपर्क तथा उपयंत्री और पंचों से संबंधित कार्यों में भी सरपंच पति की भूमिका रहती है।शिकायत में सबसे महत्वपूर्ण आरोप पंचायत की भुगतान प्रणाली से संबंधित है। शिकायतकर्ता के मुताबिक रामनिवास बैगा का मोबाइल नंबर 7974526884 नगर पालिका शहडोल में दर्ज है और इसी मोबाइल नंबर को ग्राम पंचायत की भुगतान प्रणाली में भी दर्ज कराया गया है। आरोप है कि पंचायत से किसी प्रकार का भुगतान किए जाने पर आने वाला ओटीपी इसी मोबाइल नंबर पर प्राप्त होता है। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया है कि नगर पालिका में नियमित कर्मचारी होने के बावजूद रामनिवास बैगा पंचायत क्षेत्र में किस हैसियत से और किस अनुमति के आधार पर लगातार सक्रिय रहते हैं।शिकायतकर्ता ने नगर पालिका के संसाधनों के कथित उपयोग को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि नगर पालिका शहडोल का पानी टैंकर तथा सेप्टिक टैंक सफाई मशीन भी ग्राम पंचायत के लोगों को उपलब्ध कराई जाती है। शिकायत में कहा गया है कि इन संसाधनों को ग्राम पंचायत क्षेत्र में भेजे जाने की जानकारी नगर पालिका को विधिवत दी जाती है या नहीं, इसकी जांच की जानी चाहिए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पंचायत के कामकाज में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं को दरकिनार कर सरपंच के पति द्वारा प्रभावी भूमिका निभाई जा रही है।शिकायतकर्ता राम वर्ण मिश्रा का कहना है कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया है। उनके अनुसार कलेक्टर शहडोल, एसडीएम शहडोल और कमिश्नर स्तर पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हुई है। उन्होंने अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करने की मांग की है।


0 Comments