कटनी। कलेक्टर महोदय के निर्देश एवं मार्गदर्शन में जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया,क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम द्वारा विभिन्न स्कूलों में संचालित बसों की जांच की गई ,अभियान के दौरान स्कूल बसों के दस्तावेजों, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया,जांच अभियान के दौरान विभिन्न स्कूलों में संचालित कुल 24 स्कूल बसों की जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने प्रत्येक वाहन के आवश्यक दस्तावेजों के साथ-साथ वाहन की तकनीकी स्थिति और बच्चों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध कराई गई,व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।,जांच के दौरान अधिकारियों द्वारा वाहन चालकों एवं स्कूल प्रबंधन को स्कूल वाहनों के संचालन से संबंधित निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए,
जांच के दौरान 3 स्कूल वाहनों में कमियां पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की गई। इन वाहनों से कुल 7 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूल वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी,बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है,और इसके लिए स्कूल प्रबंधन तथा वाहन संचालकों को परिवहन नियमों का पूरी तरह पालन करना आवश्यक है।क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने जांच के दौरान स्कूल बस संचालकों को निर्देशित किया कि वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा बसों का नियमित रूप से रखरखाव कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि स्कूली बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।
परिवहन विभाग द्वारा की गई इस कार्यवाही से स्कूल बस संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने कहा कि जिले में स्कूल वाहनों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से ऐसे वाहनों पर निगरानी रखी जाएगी, जो बिना आवश्यक दस्तावेजों अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे हैं।
अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से भी अपील की कि बच्चों के परिवहन के लिए केवल निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले वाहनों का ही उपयोग किया जाए। वाहन चालकों की योग्यता, वाहन की फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों की समय-समय पर जांच स्कूल प्रबंधन द्वारा भी सुनिश्चित की जाए। परिवहन विभाग की इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाना और स्कूल वाहनों के संचालन में परिवहन नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्यवाही की जाएगी।



0 Comments