Header Ads Widget


 

Ticker

6/recent/ticker-posts

रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला जनप्रतिनिधियों का सम्मान, लालपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित

 शहडोल। रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट के सीएसआर नवाचार के अंतर्गत प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन शुक्रवार को रिलायंस फाउंडेशन रिसोर्स सेंटर, लालपुर परिसर में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात महिला सदस्यों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।कार्यक्रम में गोहपारू की अनुविभागीय अधिकारी सुश्री काजोल सिंह (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीबीएम लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती दीपाली वर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक श्रीमती अल्पना शर्मा, जनपद सदस्य लीला बाई (देवरी), माया द्विवेदी (कंचनपुर), यशोदा सिंह (नौगई) तथा लालपुर की सरपंच रामकली बैगा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत में सीएसआर हेड राजीव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि रिलायंस सीएसआर प्रोजेक्ट के माध्यम से महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के अंतर्गत प्रोजेक्ट ग्रामों की महिलाएँ सिलाई प्रशिक्षण, हस्तशिल्प प्रशिक्षण, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी आजीविका को सुदृढ़ बना रही हैं। 



उन्होंने कहा कि महिला दिवस जैसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को प्रोत्साहित करना और उनमें जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में प्रोजेक्ट ग्रामों की महिला सरपंचों एवं जनपद सदस्यों को मंच के माध्यम से सम्मानित किया जा रहा है, जो हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं सीबीएम लेडीज क्लब की अध्यक्ष श्रीमती दीपाली वर्मा ने महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को समाज के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कृषि वैज्ञानिक श्रीमती अल्पना शर्मा ने महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर साइट हेड श्री राजेश वर्मा ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि रिलायंस सीएसआर के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। मंचासीन जनपद सदस्य लीला बाई ने अपने संबोधन में रिलायंस द्वारा किए जा रहे ग्राम विकास एवं सामुदायिक विकास कार्यों की सराहना की। मुख्य अतिथि सुश्री काजोल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं तो परिवार और समाज दोनों का विकास सुनिश्चित होता है। उन्होंने रिलायंस सीएसआर द्वारा महिलाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में 19 ग्रामों की महिला सरपंचों एवं 3 जनपद सदस्यों को स्मृति चिह्न एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सीएसआर के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पशु स्वास्थ्य एवं कौशल विकास के क्षेत्र में कार्य करने वाले फील्ड कैडर्स को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सीएसआर प्रोजेक्ट के सहयोग एवं मार्गदर्शन से संचालित 11 सिलाई केंद्रों का संचालन करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र एवं ब्रांडिंग बैनर प्रदान कर उनके केंद्र प्रारंभ करने के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन अपूर्वा टोप्पो एवं डॉ. समीम  द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीएसआर टीम के वीरेंद्र, कुंवरबली, अभिलाष, अजय, राजकुमार, अश्वनी तथा फील्ड कैडर्स सीतू यादव, दुर्गा वर्मन, सुजीत, धर्मदत्त, रवि, दिलीप, संग्राम एवं प्रदीप का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



Post a Comment

0 Comments