Header Ads Widget


 

Ticker

6/recent/ticker-posts

पंचायत में फर्जीवाड़े का आरोप: स्ट्रीट लाइट से लेकर बिजली फिटिंग तक लाखों की गड़बड़ी की शिकायत

 


भोपाल। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले की पाली जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरिहा में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव पर स्ट्रीट लाइट, पंचायत भवन, विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र में विद्युत फिटिंग के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर शासकीय राशि निकालने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव, भोपाल को लिखित शिकायत भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत सेमरिहा के सरपंच एवं सचिव द्वारा विकास कार्यों की आड़ में कथित रूप से फर्जी तरीके अपना कर शासकीय राशि का आहरण किया जा रहा है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

स्ट्रीट लाइट के नाम पर दो वित्तीय मदों से भुगतान

शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में ग्राम पंचायत सेमरिहा के ग्राम कन्नाबहरा में विकास कार्य के नाम पर 10 लाख रुपये की लागत से 50 नग स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रावधान किया गया था। इन स्ट्रीट लाइटों में पोल, एलईडी बल्ब और वायर सहित अन्य सामग्री लगाने की व्यवस्था थी। आरोप है कि सरपंच एवं सचिव ने पहले से लगे पोल और वायर में एलईडी बल्ब लगाकर करीब 9 लाख 99 हजार रुपये की राशि निकाल ली।

शिकायत में सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रावधान पांचवें वित्त आयोग से संबंधित मद में होने के बावजूद सरपंच एवं सचिव ने कथित तौर पर एक ही कार्य के लिए पांचवें और 15वें वित्त आयोग, दोनों मदों से राशि का आहरण किया। शिकायत के मुताबिक, पांचवें वित्त से 8 लाख 13 हजार 698 रुपये तथा 15वें वित्त से 1 लाख 90 हजार 688 रुपये निकाले गए। इस प्रकार कुल 10 लाख 4 हजार 386 रुपये का आहरण किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि 15वें वित्त की राशि से इस कार्य का प्रावधान नहीं था, इसके बावजूद राशि निकाली गई।

पंचायत भवन की फिटिंग पर दो लाख खर्च करने का आरोप

शिकायत में दूसरा मामला वित्तीय वर्ष 2025-26 का बताया गया है। इसके अनुसार ग्राम पंचायत भवन सेमरिहा में विद्युत फिटिंग के नाम पर दो लाख रुपये खर्च किए गए। जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि इससे पहले भी पंचायत भवन में लगभग 60 हजार रुपये की लागत से विद्युत फिटिंग का कार्य कराया जा चुका था और पुरानी फिटिंग सही ढंग से संचालित हो रही थी।आरोप है कि पहले से लगी विद्युत फिटिंग को हटाकर दोबारा दो लाख रुपये की लागत से नया कार्य कराया गया। शिकायतकर्ता ने इस कार्य को नियम विरुद्ध बताते हुए इसमें उपयंत्री की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुराने कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच किए बिना नई फिटिंग के नाम पर सरकारी राशि खर्च कर दी गई, शिकायतकर्ता ने शिकायत में मांग की है कि जनपद पंचायत के वरिष्ठ अधिकारियों को छोड़कर अन्य अधिकारियों से जांच कराई जाए जिससे निष्पक्ष जांच हो सके और दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही हो सके।

Post a Comment

0 Comments